रेड अलर्ट : उत्तराखंड में कल-परसों मौसम मचा सकता है तांडव, गाइडलाइन जारी
Weather Alert : आने वाले 48 घंटे उत्तराखंड के लिए भारी पड़ सकते हैं। आईएमडी ने कल राज्य के पांच जिलों के लिए रेड जबकि पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सीएम ने आपदा प्रबंधन सचिव से वार्ता कर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए हैं।
Weather Alert : उत्तराखंड में कल यानी शनिवार को मौसम तबाही मचा सकता है। मानसून जाते-जाते गहरे जख्म दे सकता है। आईएमडी ने कल राज्य के पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों के लिए मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आज आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों के साथ आपताकालीन बैठक कर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिए। इधर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सचिव से वार्ता कर संबंधित विभागों से अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। सीएम ने निर्देश दिए कि रेड एवं ऑरेंज अलर्ट वाले जनपदों में विशेष सतर्कता बरती जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखते हुए मौसम संबंधी चेतावनियों का तत्काल स्थानीय स्तर तक प्रसार सुनिश्चित करने को कहा है।
सरकार अलर्ट
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन से वार्ता कर प्रदेश में मौसम की स्थिति एवं तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम की स्थिति पर पैनी नजर रखते हुए संभावित परिस्थितियों के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
इन जिलों में हाई अलर्ट
उत्तराखंड में कल और परसों मौसम तल्ख तेवर दिखा सकता है। आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को राज्य के बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट, जबकि देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इसके अलावा हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार में रेड अलर्ट, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट जबकि बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
