नैनी में भीषण हादसा : मां-बेटी और टैक्सी चालक की मौत, जानें 9 घंटे बाद कैसे मिली जानकारी  

Three people killed in a horrific accident in Naini village, Almora
Spread the love

अल्मोड़ा जिले में नैनी से आगे न्योली गांव में बुधवार रात दिल दहलाने वाला हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि न्योली और हरड़ा के करीब 10 लोग बुधवार को भैयादूज पर्व पर अपनी-अपनी रिश्तेदारी में गंगोलीहाट गए हुए थे। ये सभी लोग मैक्स वाहन यूके011299 में सवार होकर गंगोलीहाट गए हुए थे। देर रात करीब 10 बजे सभी लोग अपने घरों को लौट रहे थे। हरड़ा में अधिकांश सवारियां उतर गई थीं। उसके बाद टैक्सी में 26 वर्षीय चालक हयाद सिंह गैड़ा पुत्र शेर सिंह के अलावा 45 वर्षीय बसंती देवी पत्नी हिम्मत सिंह और उनकी 15 वर्षीय बेटी अंजू ही सवार थी। रात करीब दस बजे जब ये लोग हरड़ा से न्योली की ओर आ रहे थे तभी बंदी खोल मंदिर के पास उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में समा गया। हादसे में टैक्सी सवार मां बेटी सहित चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।

सुबह 9 बजे सामने आई जानकारी

न्योली के दुकानदार विनोद जोशी के मुताबिक गुरुवार सुबह तक भी किसी को इस घटना की जानकारी नहीं थी। सुबह करीब साढ़े छह बजे न्योली की दो तीन सवारियां उनकी दुकान में आई थी। वह लोग हयात की टैक्सी का इंतजार कर रहे थे। इस पर विनोद जोशी ने कई बार हयाद के नंबर पर कॉल की, पर रिसीव नहीं हुई। उसके बाद पड़ोसी ने जानकारी दी कि बुधवार को बसंती देवी और उसकी बेटी भी उस टैक्सी में सवार होकर गंगोलीहाट गए हुए थे। उसके बाद लोगों ने हरड़ा फोन किया तो पता चला कि रात करीब 10 बजे ही हयात की टैक्सी हरड़ा से न्योली की ओर रवाना हो गए थी। इस पर लोगों को शक हुआ और उन्होंने टैक्सी की खोजबीन शुरू कर दी थी। इसी दौरान उन्हें बंदीखोल मंदिर के आगे गहरी खाई में गिरी टैक्सी और आसपास पड़ी लाशें दिखी तो उनके होश फाख्ता हो गए। उसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरफ मौके पर पहुंच गई थी।

अकेला रहता था हयाद

ग्रामीणों के मुताबिक हयाद के माता-पिता की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। हयाद का भाई बाहर नौकरी करता है। उसकी बहन की शादी हो चुकी है। हयाद घर पर अकेला रहता था। इसी के चलते इस घटना की जानकारी मिलने में घंटों लग गए। हयाद ने कुछ समय पहले ही पनुवानौला से ये सेकेंड हैंड टैक्सी खरीदी थी। इस हादसे से लोग स्तब्ध हैं। बसंती देवी के बुजुर्ग पति गांव में चाय की दुकान चलाते हैं।


Spread the love