हल्द्वानी में फर्जी आईबी अधिकारी गिरफ्तार, जानें क्या थी प्लानिंग
Fake IB Officer Arrested : कार में नीली बत्ती और हूटर लगाकर घूम रहा एक फर्जी आईबी अफसर पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उसके पास से एक एयरगन सहित फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
Fake IB Officer Arrested : उत्तराखंड के हल्द्वानी में पुलिस ने फर्जी आईबी अधिकारी बनकर घूम रहे शख्स को गिरफ्तार किया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर इन दिनों नैनीताल जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही संदिग्धों की निगरानी भी की जा रही है। इसके अलावा बाहरी लोगों के सत्यापन भी धड़ल्ले से चल रहे हैं। शनिवार को एसपी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार की मॉनिटरिंग में हल्द्वानी शहर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तिकोनिया चौराहे के पास चेकिंग के दौरान काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार UP25CS 9327 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। इस कार में हूटर बज रहा था और नीली बत्ती लगी हुई थी। साथ ही कार के आगे भारत सरकार का बोर्ड भी लगा हुआ था। चालक खुद को इंटेलिजेंस अफसर बताता हुआ पुलिस के सामने रौब झाड़ रहा था। बकायदा उसने आईबी अधिकारी होने की आईडी भी पुलिस को दिखाई।
ऐसे खुला राज
नकली आईबी अधिकारी ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम 24 वर्षीय मो. मोहासिब खान पुत्र अयूब खान निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईंदगाह थाना कोतवाली जनपद रामपुर बताया। इसी दौरान पुलिस ने उससे नियुक्ति से संबंधित जानकारियां मांगी तो वह सकपका गया। इस पर पुलिस का शक बढ़ गया। सख्ती से पूछताछ हुई तो आरोपी टूट गया और उसने भेद खोल दिया। उसने बताया कि उसने रौब झाड़ने के लिए कार में नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगाया है। इसके लिए उसने पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन और नकली आईडी भी कार के डेसबोर्ड में रखी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की गाड़ी भी सीज
पुलिस ने फर्जी आईबी अफसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया। आरोपी की गाड़ी भी सीज कर दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई कृपाल सिंह, सिपाही मो. अजहर, सुनील टम्टा आदि शामिल रहे। एसएसपी ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
