3.50 लाख खिलाड़ियों का डाटा चोरी ! खेल विभाग में सामने आया सनसनीखेज मामला
Theft Of Players' Data : उत्तराखंड खेल विभाग में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर सरकारी पोर्टल और एप बनाकर उसे संचालित कर रही कंपनी ने विभाग की अनुमति के बगैर ही आईडी और पासवर्ड बदल दिया। इतना ही नहीं, सरकारी साइट की क्रेडेंशियल और एक्सेस विभाग की अनुमति के बगैर ही बदल दिए गए।
Theft Of Players’ Data :उत्तराखंड खेल विभाग में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, खेल विभाग ने राष्ट्रीय खेलों के दौरान खेब टेक स्ट्राटेजी प्राइवेट लिमिटेड को सरकारी पोर्टल और एप बनाने का ठेका दिया था। बताया जा रहा है कि अब पोर्टल और ऐप को आईटीडीए के सर्वर पर अपलोड किया जाना था। अधिकारी तब हैरान रह गए जब उन्हें पता चला कि कंपनी ने यूजर आईडी और पासवर्ड ही बदल दिए है। कंपनी के पास उत्तराखंड के साढ़े तीन लाख से अधिक मेधावी खिलाड़ियों का डेटा है। अब उस डाटा के चोरी और दुरुपयोग होने की आशंका भी जताई जा रही है।
चैंपियंस ट्रॉफी का हो चुका है उद्घाटन
उत्तराखंड में सीएम चैंपियंस ट्रॉफी का बीते एक सितंबर को आगाज हो चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चैंपियंस ट्रॉफी का उदघाटन किया था। योजना के लिए विभिन्न जिलों से करीब साढ़े तीन लाख से अधिक होनहार खिलाड़ियों ने आवेदन किया था। इधर, जानकारी ये भी आ रही है कि सीएम उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन खेल छाऋवृत्ति का डेटा भी कंपनी के ही पास है।
कंपनी को 80%भुगतान
उत्तराखंड खेल विभाग पोर्टल विकसित करने वाली कंपनी को उसके काम का अब तक कुल 80 फीसद रुपये भुगतान कर चुका है। बताया जा रहा है कि पोर्टल हैंडओवर होने के बाद शेष भुगतान होना था। इससे ठीक पहले ही कंपनी ने अनुमति बगैर पोर्टल की यूजर आईडी और पासवर्ड बदल डाले हैं। इससे खेल विभाग में खलबली का माहौल मचा हुआ है। इसी कंपनी को मेघालय में होने वाले राष्ट्रीय खेलों का पोर्टल बनाने का भी टेंडर मिला है।
पिछले साल 11.25 करोड़ थी छात्रवृत्ति
उत्तराखंड पिछले साल करीब 3900 खिलाड़ियों को सीएम उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन खेल छाऋवृत्ति मद से करीब 11.25 करोड़ रुपये छात्रवृत्ति आवंटित हुई थी। इस साल अब नए सिरे से भी इस योजना के लिए खिलाड़ियों का डाटा पोर्टल पर आया था। ऐसे में यह डाटा चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।
