जागेश्वर धाम में अतिक्रमणकारियों को दो दिन की और मोहलत, जानें वजह

Encroachment in Jageshwar Dham
Spread the love

जागेश्वर धाम में सड़क किनारे अतिक्रमण श्रद्धालुओं के लिए आफत बना हुआ है। इसके कारण सड़क पर जाम भी लग रहा है। जागेश्वर पार्किंग के पास पिछले एक साल के भीतर अतिक्रमकारी दर्जनों श्रद्धालुओं से मारपीट भी कर चुके हैं। इसी को देखते हुए पिछले साल मई में लोनिवि और प्रशासन की टीम बुल्डोजर लेकर मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि बाद में मौखिक तौर पर ये तय कर लिया गया था कि म्यूजियम गेट से ऊपर की ओर कोई भी व्यक्ति दुकान नहीं लगाएगा। उसके बाद म्यूजियम से ऊपर का इलाका खाली करा लिया गया था। हालांकि टीआरसी गेट पर उसके बाद भी कुछ अतिक्रमणकारी कब्जा जमाए रखे थे। उनकी देखा देखी धीरे-धीरे हटाए गए अतिक्रमणकारी दोबारा पूर्व के स्थानों पर दुकानें लगाने लगे थे। इसके कारण फिर से अराजकता पनपने लगी थी। इसे लेकर तमाम शिकायतें शासन और प्रशासन के पास पहुंची हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीते गुरुवार को एसडीएम सौम्या गब्र्याल के नेतृत्व  में व्यापार मंडल, पुलिस प्रशासन, लोनिवि की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में तय  हुआ था कि 12 मई तक म्यूजियम गेट से ऊपर के सारे इलाके को खाली करा दिया जाएगा। म्यूजियम गेट से  नीचे की ओर भी दुकानें नाली से भीतर लगाई जाएगी। प्रशासन की चेतावनी से आज अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। सुबह से ही अतिक्रमणकारी प्रशासन की टीम के आने का अंदेशा जताते हुए भयभीत थे। दोपहर तक प्रशासन की टीम नहीं पहुंची। इस दौरान कुछ ने म्यूजियम गेट से नीचे दुकान के लिए जगह भी चिह्नित कर ली थी। इसी बीच दोपहर बाद पता चला कि प्रशासन ने व्यस्तता के चलते अतिक्रमणकारियों को दो दिन की और मोहलत दे दी है। अधिकारियों के मुताबिक 15 मई तक म्यूजियम गेट से टीआरसी रोड तक सारा अतिक्रमण हटा दिया जाएगा। इसके लिए फोर्स और जरूरी संशाधनों की व्यवस्था की जा रही है।


Spread the love