बिरजू मयाल के हाथ-पैर तोड़े, काशीपुर में हुआ जानलेवा हमला, पुलिस में हड़कंप
Uttarakhand Crime: यूट्यूबर और क्रांतिकारी युवा बिरजू मयाल पर जानलेवा हमला हुआ है। बेखौफ हमलावरों ने लोहे की रॉड और डंडों से उनपर जानलेवा हमला कर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए। उनके पैरों में आठ टांके लगे हैं। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटें हैं। घटना से पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।

Uttarakhand Crime:प्रसिद्ध यूट्यूबर बिरजू मयाल पर कल काशीपुर में अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया है। सोमवार को रामनगर निवासी यूट्यूबर बिरजू मयाल पीरूमदारा में किसी स्कूल से लाइव कर काशीपुर के गड्ढा कॉलोनी निवासी अपने मामा की स्कूटी से चैती मेला देखने आ रहे थे। केलामोड़ से आगे दो कारों में सवार युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। नीचे गिरते ही कार सवार बदमाशों ने बिरजू पर लोहे की रॉड और डंडो से प्रहार कर दिया। उन्होंने बिरजू के हाथ पैर तोड़ दिए और मोबाइल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वहां से गुजर रहे लोगों ने बिरजू मयाल को पहचान लिया। उन्होंने घटना की जानकारी तत्काल प्रतापुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने बिरजू मयाल को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही तमाम लोग अस्पताल पहुंच गए थे। ये मामला पूरे उत्तराखंड में आज खूब छाया हुआ है। इधर, बिरजू मयाल ने आरोप लगाया है कि सरकार के इशारे पर उनपर हमला हुआ है। इधर, काशीपुर के सीओ दीपक कुमार के मुताबिक यूट्यूबर से मारपीट की घटना प्रतापपुर चौकी की है। अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, बिरजू मयाल के साथ मारपीट के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए, जोकि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एएसपी अभय प्रताप सिंह से कहा कि आरोपी मंगलवार की दोपहर 12 बजे तक अगर नहीं पकड़े गए तो वे कोतवाली का घेराव करेंगे। इसके बाद एएसपी ने उनको आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। एएसपी ने बताया कि मामले में दो टीमें गठित कर दी गई हैं। आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा। रात में अस्पताल में एक दरोगा और दो कांस्टेबल तैनात रहेंगे।
ये भी पढ़ें- अब्दुल्लापुर बना दक्षनगर, मियांवाला हुआ रामजीवाला, सरकार ने बदले 15 इलाकों के नाम
पूरे राज्य में छाया ये मामला
यूट्यूबर बिरजू मयाल पर हमला पूरे राज्य में सुर्खियों पर बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही काशीपुर के एएसपी अभय सिंह, सीओ दीपक कुमार, कोतवाल अमर चंद्र शर्मा सहित तमाम अधिकारी अस्पताल पहुंच गए थे। यहां उन्होंने बिरजू का हाल चाल जान उनसे तमाम जानकारियां हासिल की। बताया जा रहा है कि बिरजू के दोनों पैरो में आठ टांके लगे हैं। उन्हें निजी अस्पाताल रेफर किया जा रहा है। बिरजू मयाल पर हमले से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
ये भी पढ़ें- सांसद त्रिवेंद्र रावत के खिलाफ आईएएस एसोसिएशन ने खोला मोर्चा, विवादित बयान पर हंगामा