चमोली एवलांच में चार लोगों की मौत, शव बरामद, पांच की तलाश जारी
Rescue After Avalanche:उत्तराखंड में माणा गांव के पास आए एवलांच में चार लोगों की मौत हो गई है। कड़ी मशक्कत के बाद चार मृतकों के शव बर्फ से बाहर निकाल लिए गए हैं। अब भी पांच श्रमिक लापता चल रहे हैं। उनकी तलाश में सेना और अन्य एजेंसियां रेस्क्यू चला रही हैं।

Rescue After Avalanche:चमोली जिले के बदरीनाथ धाम के निकट माणा के पास शुक्रवार को जोरदार एवलांच आ गया था। बीआरओ कैंप के पास निर्माण कार्य में जुटे विभिन्न राज्यों के 55 मजदूर एवलांच की चपेट में आने से बर्फ में दब गए थे। सूचना मिलते ही सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ समेत तमाम टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था। कल दिन तक ही बर्फ में दबे 10 मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया था। शुक्रवार शाम पांच बजे तक टीमों ने 32 मजदूरों का रेस्क्यू कर लिया था। उसके बाद फिर से बर्फबारी होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा था। इसके कारण रात भर 22 मजदूर बर्फ में दबे रहे। आज सुबह होते ही दोबारा रेस्क्यू शुरू कर दिया था। आज भी 15 मजदूरों का रेस्क्यू किया गया है। दोपहर में रेस्क्यू टीमों ने बर्फ से चार शव बरामद किए। अभी भी पांच श्रमिक बर्फ में दबे हुए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
सात मजदूरों को ज्यादा चोटें
माणा के पास एवलांच की चपेट में आने से 55 मजदूर बर्फ के पहाड़ में दब गए थे। उनमें से 47 मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक बर्फ में दबने से नरेश सिंह, बलवंत सिंह, दिलेर सिंह, गणेश कुमार दीक्षित सिंह बिष्ट, लक्ष्मण सिंह, और पवन को चोटें आई हैं। घायल श्रमिकों का आर्मी अस्पताल में उपचार चल रहा है।