उत्तराखंड में भाजपा के जिलाध्यक्ष 10 मार्च तक हो जाएंगे घोषित
BJP organizational elections:उत्तराखंड में भाजपा के जिलाध्यक्ष 10 मार्च तक घोषित हो जाएंगे। प्रदेश स्तर पर तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दिया गया था। अब केंद्रीय नेतृत्व स्तर पर पैनल को लेकर मंथन शुरू हो गया है।

BJP organizational elections:उत्तराखंड में बीजेपी जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा 10 मार्च तक हो जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्षों का पैनल अब केंद्रीय नेतृत्व की ओर से गठित कमेटी तक पहुंच गई है। उत्तराखंड में पहले चरण में 19 ओर फिर उसके बाद शेष जिलाध्यक्षों का पैनल तैयार किया गया था। संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया के तहत भाजपा ने 10 मार्च तक जिलाध्यक्षों की घोषणा का लक्ष्य तय कर दिया है। राज्य में भाजपा के 19 सांगठनिक जिलों में जिलाध्यक्षों के चुनाव के लिए पिछले दिनों प्रदेशभर में पर्यवेक्षकों ने मंडल अध्यक्षों व पदाधिकारियों से रायशुमारी के बाद पैनल तैयार किया। इस पैनल को पर्यवेक्षकों ने दो मार्च को प्रदेश नेतृत्व को सौंपा। प्रदेश नेतृत्व ने कमेटी के माध्यम से पैनल में शामिल नामों पर चर्चा के बाद उसे अंतिम रूप दिया था। उसके बाद प्रदेश नेतृत्व ने पैनल देहरादून पहुंचे राष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षक राजकुमार चाहर को सौंपा। राष्ट्रीय पर्यवेक्षक चाहर ने जिलाध्यक्षों के चुनाव को लेकर नामों पर प्रदेश नेतृत्व व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ चर्चा की। राष्ट्रीय पर्यवेक्षक चाहर के माध्यम से जिलाध्यक्षों के नामों की सूची केन्द्रीय नेतृत्व को भेजी गई। केन्द्रीय स्तर पर अब राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम व क्षेत्रीय सांसदों से चर्चा के बाद जिलाध्यक्षों की फाइनल सूची जारी कर देंगे।
ये भी पढ़ें-Crime News:ऑनलाइन गेम खेलने से रोका तो युवक ने पूरे परिवार की कर दी हत्या
किसी को तीसरा मौका नहीं
भाजपा ने जिलाध्यक्ष चयन के लिए इस बार एक फार्मूला तय किया है। इसके तहत किसी भी दावेदार को तीसरा मौका नहीं दिया जाएगा। इसी के चलते कई दिग्गज जिलाध्यक्ष की रेस से पहले ही बाहर हो चुके हैं। इसके अलावा भाजपा 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को जिलाध्यक्ष नहीं बनाएगी। साथ ही खराब छवि वालों को भी इस पद पर नहीं बैठाएगी। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव अभी तक न होने की वजह से अब राज्य में भी प्रदेश अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होगी।
ये भी पढ़ें-उत्तराखंड में जल्द कैबिनेट विस्तार के आसार, एक मंत्री की छिन सकती है कुर्सी!