Video:उमा भारती ने जागेश्वर धाम में की पूजा, ध्यान भी लगाया
Uma Bharti at Jageshwar Dham:उमा भारती ने जागेश्वर धाम पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की। साथ ही मंदिर में ध्यान भी लगाया। वह यहां के प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्म से काफी अभिभूत नजर आईं।

Uma Bharti at Jageshwar Dham:उमा भारती पिछले करीब एक सप्ताह के डोल के कल्याणिका आश्रम में हैं। सोमवार करीब 11 बजे उमा भारती डोल आश्रम के महात्माओं और अन्य भक्तों के साथ जागेश्वर धाम पहुंचीं। यहां पहुंचने पर उन्होंने ज्योर्तिलिंग जागेश्वर, पुष्टि देवी, महामृत्युंजय, केदारनाथ सहित बटुक भैरव मंदिर में विधि-विधान से पूजा अर्चना कर देश की सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिरों में ध्यान भी लगाया। प्रशासन की ओर से उनकी कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाएं चौकस की गई थीं। पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चंद्र भट्ट ने उन्हें प्रत्येक मंदिरों के दर्शन कराने के साथ ही क्षेत्र की महिमा भी बताई। आचार्य गिरीश भट्ट, आचार्य हंसा भट्ट, आचार्य गोकुल भट्ट आदि ने उनका पूजन संपन्न कराया।
श्रद्धालुओं ने लगाए जै श्रीराम के नारे
उमा भारती को जागेश्वर मंदिर में देख श्रद्धालु काफी खुश दिखे। जहां-जहां उमा भारती पहुंची, वहां-वहां भक्तों के सैलाब ने जय श्रीराम के नारे लगाए। उमा भारती ने हाथ हिलाकर श्रद्धालुओं का अभिभावदन स्वीकार किया। उमा भारती ने जागेश्वर मंदिर परिसर स्थित अर्द्ध नारिश्वर और गणेश मुंख वाले देवदार वृक्ष को भी नमन किया।
मंदिर परिसर में जल रहे भक्तों के पैर
जागेश्वर मंदिर परिसर में चारों और पटाल बिछी हुई हैं। परिक्रमा पथ के अधिकांश हिस्से और मुख्य द्वार की सीढ़ियों पर मैट नहीं बिछी होने के कारण दिन के समय पटाल काफी गर्म हो रहे हैं। इससे परिक्रमा पथ पर श्रद्धालुओं के पैर जल रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं सहित पुजारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुजारियों ने प्रशासन से पूरे परिक्रमा पथ पर मैट बिछाने की मांग उठाई है।
जागेश्वर महात्म्य पुस्तक की भेंट
जागेश्वर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन समिति उपाध्यक्ष नवीन भट्ट और पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चंद्र भट्ट सहित पुजारियों ने उमा भारती का स्वागत किया। उमा भारती ने श्रद्धालुओं और मंदिर समिति सदस्यों के साथ फोटो भी खिंचवाए। आचार्य गिरीश भट्ट ने उन्हें जागेश्वर महात्म्य पुस्तक भी भेंट की।