जागेश्वर में आज से शुरू होगा रामलीला मंचन, जानें क्या है खास
Ramlila of Jageshwar:जागेश्वर धाम की रामलीला आज सौंवे साल में प्रवेश कर रही है। रामलीला के प्रथम दिवस आज तमाम प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। स्थानीय लोगों सहित देश विदेश से यहां पहुंचे श्रद्धालु भी रामलीला मंचन का आनंद उठाएंगे।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रेवाधर पांडे ने बताया कि पंचांग में शुभ मुहूर्त के अनुसार शनिवार शाम जागेश्वर धाम में रामलीला का श्रीगणेश हो गया है। बताया कि पहले दिन गणेश पूजन, श्रीराम वंदना का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि आज यानी रविवार को रामलीला के प्रथम दिवस के दृष्यों का मंचन किया जाएगा। बताया कि आज नटी सूत्रधार संवाद, रावण, विभीषण, कुंभकर्ण की तपस्या, राजा दशरथ की ओर से यज्ञ, राम जन्म का मंचन किया जाएगा।
पहली बार बालिकाएं बनेंगीं राम-लक्ष्मण
जागेश्वर धाम की रामलीला में पहली बार इस साल बालिकाएं राम-लक्ष्मण और सीता के किरदार में नजर आएंगी। हालांकि इससे पूर्व भी सीता का किरदार बालिकाएं निभा चुकी हैं। लेकिन पहली बार राम लक्ष्मण का किरदार भी बालिकाएं निभाएंगी। रामलीला में बालिकाओं के ये किरदार आकर्षण का केंद्र रहेंगे।