जागेश्वर की रामलीला में मेघनाद-कुंभकर्ण वध, आज होगा श्रीराम का राजतिलक

Ramlila of Jageshwar Dham
Spread the love

Ramlila:जागेश्वर धाम में 101वें साल की रामलीला मंचन को इस बार और भी आकर्षक रूप दिया गया है। सोमवार रात की रामलीला मंचन के मुख्य अतिथि पूर्व विस अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल रहे। रामलीला कमेटी के सदस्यों ने कुंजवाल और पूर्व ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडेय सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कुंजवाल ने रामलीला मंचन के लिए कमेटी के प्रयासों को खूब सराहा। साथ ही उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान भी किया। सोमवार रात सबसे पहले कुंभकर्ण वध का मंचन किया गया। उसके बाद लक्ष्मण-मेघनाद संवाद, मेघनाद वध और सुलोचना-रावण संवाद का मंचन किया गया। कलाकारों की हर एक प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रेवाधर पांडे ने अतिथियों सहित समस्त दर्शकों का आभार व्यक्त किया। रामलीला कमेटी के व्यवस्थापक हरिमोहन भट्ट ने बताया कि आज रात अहिरावण और रावण वध का मंचन किया जाएगा। साथ ही आज भगवान राम के राज्याभिषेक के साथ रामलीला मंचन का समापन होगा। कल बुधवार सुबह यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। देवीधुरा से पहुंचे तालीम मास्टर रणजीत सिंह और अल्मोड़ा के प्रसिद्ध कलाकार राजेंद्र तिवारी के निर्देशन में चल रही रामलीला मंचन को सफल बनाने के लिए कमेटी के पदाधिकारी और दर्शक भरपूर सहयोग कर रहे हैं।  खष्टी भट्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश प्रसाद, योगेश भट्ट, पूर्व प्रबंधक भगवान भट्ट, मुकेश भट्ट, आशुतोष भट्ट, आकाश वर्मा, कमल सनवाल, शेखर भट्ट,  मोहन राम, केवल भट्ट सहित समस्त क्षेत्रवासी रामलीला मंचन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। 


Spread the love